Jabalpur News: कोहरे की चादर और ठंडी हवाओं ने बढ़ाई ठंडक, पारा 5 डिग्री पर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पूरे शहर पर बर्फीली हवाओं का प्रकोप छाया हुआ है। बुधवार को हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने जनजीवन को प्रभावित किया। सुबह से ही शीतलहर के चलते गर्म कपड़े भी ठंड से राहत देने में नाकाफी साबित हो रहे हैं। बर्फीली हवाओं की रफ्तार तेज होने के कारण लोग शाम होते ही अपने घरों में कैद हो जाते हैं। सड़कों पर सन्नाटा और अलाव की कमी ने ठंड का असर और बढ़ा दिया है।

शहर का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिर गया है। कोहरे और ओस की बूंदों ने ठंडक को और बढ़ा दिया है। सुबह और देर रात कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। दिन के समय धूप जरूर निकलती है, लेकिन ठंडी हवाएं उसका असर कम कर देती हैं। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट जारी है।

स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान शहर का अधिकतम तापमान 25.04 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में नमी सुबह 89 प्रतिशत और शाम को 54 प्रतिशत रही। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

कड़ाके की ठंड के चलते शहर के लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। खुले आसमान के नीचे रहने वालों के लिए ठंड से बचना मुश्किल हो गया है। प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था ना होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post