दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में रिश्तों को तार-तार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां शादी तय होने के बाद एक युवक ने अपनी होने वाली पत्नी के साथ दुष्कर्म किया और बाद में कुछ पुरानी तस्वीरों का बहाना बनाकर शादी करने से साफ इंकार कर दिया।
अकेले पाकर बनाया शारीरिक संबंध
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय पीड़िता का विवाह अजीत नामक युवक से तय हुआ था। रिश्ता तय होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई थी। आरोप है कि 23 मार्च की शाम जब युवती घर पर अकेली थी, तब अजीत उसके घर पहुंचा। उसने खुद को भावी पति बताते हुए युवती को भरोसे में लिया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
शादी से 10 दिन पहले बदला रंग
शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन विवाह से महज 10 दिन पहले आरोपित अजीत ने फोन कर युवती को झटका दे दिया। उसने शादी करने से मना कर दिया। युवक का तर्क था कि उसे युवती के किसी पूर्व परिचित शिवांशु द्वारा कुछ तस्वीरें भेजी गई हैं, जिसके कारण वह अब यह रिश्ता नहीं रख सकता। उसने युवती पर पुराने संबंधों की जानकारी छिपाने का भी आरोप लगाया।
बरात वाले दिन दर्ज हुई FIR
घटना के बाद युवती के परिजनों ने आरोपित के घर जाकर उसे समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। मामला माढ़ोताल थाने भी पहुंचा, जहां सुलह के प्रयास हुए पर बात नहीं बनी। अंततः, जिस दिन बरात आनी थी, उसी दिन युवती ने हिम्मत दिखाई और परिजनों के साथ महिला थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई।
जांच में जुटी पुलिस
महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपित अजीत के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Tags
jabalpur
