दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत आजाद नगर (गोकलपुर) में देर रात दबंगों ने एक परिवार के घर पर हमला बोल दिया। बिना किसी कारण गाली-गलौज करने से मना करने पर आरोपियों ने पति-पत्नी के साथ मारपीट की और महिला के सिर पर पत्थर मारकर उसे मरणासन्न कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, आजाद नगर गोकलपुर निवासी ओमप्रकाश सोमकुंवर (56 वर्ष) ने बताया कि रविवार रात करीब 11:30 बजे इलाके के कुछ बदमाश अनिल यादव के घर की तरफ से लड़ाई-झगड़ा करते हुए आए और उनके घर के दरवाजे पर लातें मारने लगे। जब ओमप्रकाश ने दरवाजा खोला, तो सामने लड्डू, आकाश, टकला और छोटू अन्ना खड़े थे। चारों आरोपी बिना किसी वजह के परिवार को भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। जब ओमप्रकाश और उनकी पत्नी श्रीमती बबीता अहिरवार ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो चारों आरोपियों ने एक साथ उन पर हमला कर दिया और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
इसी बीच, आरोपी लड्डू ने जान से मारने की नीयत से पास पड़ा एक बड़ा पत्थर उठाया और बबीता के सिर पर दे मारा। पत्थर लगते ही बबीता लहूलुहान होकर बेहोश हो गईं। शोर सुनकर बेटे और पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल बबीता को तत्काल शासकीय रांझी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें विक्टोरिया अस्पताल और फिर वहां से नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सिर की गंभीर चोट के कारण महिला अभी भी बेहोश बताई जा रही है। रांझी पुलिस ने ओमप्रकाश सोमकुंवर की शिकायत पर चारों आरोपियों—लड्डू, आकाश, टकला और छोटू अन्ना के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296B, 109 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
