दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोरखपुर अंतर्गत आर्य समाज मंदिर के पास मेन रोड पर शनिवार दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक युवक को रोककर शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। जब युवक ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो बदमाशों ने सरेराह गाली-गलौज करते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित दुर्गेश झारिया (उम्र 19 वर्ष), निवासी नर्मदागंज बिल्डिंग, गोरखपुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दुर्गेश एक प्राइवेट काम करता है। शनिवार दोपहर लगभग 2:00 बजे वह अपने दोस्त अनिकेत बेन, करण बैरागी और बाबू बेन के साथ आर्य समाज मंदिर के पास, अवतार ज्वेलर्स के सामने मेन रोड पर खड़ा था।
इसी दौरान वहां बाइक पर सवार होकर तीन शातिर बदमाश—निखिल बर्मन, सुरेश बर्मन और मोहित चक्रवर्ती पहुंचे। तीनों ने दुर्गेश को घेर लिया और शराब पीने के लिए ₹800 की अड़ी (पैसों की मांग) करने लगे।
जब दुर्गेश ने बदमाशों को पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो वे तैश में आ गए और बीच सड़क पर जोर-जोर से गाली-गलौज करने लगे। दुर्गेश और उसके दोस्तों ने जब गालियां देने का विरोध किया, तो सुरेश बर्मन और मोहित चक्रवर्ती ने दुर्गेश को दबोच लिया और लात-मुक्कों से बेदम मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच, तीसरे आरोपी निखिल बर्मन ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकाला और दुर्गेश पर जानलेवा हमला करते हुए उसके दाहिने पैर की जांघ में घोंप दिया।
चाकू लगते ही दुर्गेश लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। चीख-पुकार मचने पर तीनों आरोपी दुर्गेश और उसके दोस्तों को दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी मोटरसाइकिल से तेजी से फरार हो गए।
पीड़ित दुर्गेश झारिया की रिपोर्ट पर गोरखपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी निखिल बर्मन, सुरेश बर्मन और मोहित चक्रवर्ती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
Tags
jabalpur
