Jabalpur News: दोस्त ही निकला कातिल, गला घोंटकर की हत्या; सुसाइड दिखाने काटी हाथ की नस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना संजीवनी नगर अंतर्गत चौकी धनवंतरी नगर में बीते दिनों हुई एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। जिसे शुरुआत में आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई थी, वह वास्तव में एक सोची-समझी हत्या थी। मृतक के ही एक दोस्त ने रोज-रोज के विवाद और मारपीट से तंग आकर गला घोंटकर उसकी हत्या की थी और मामले को सुसाइड का रूप देने के लिए मृतक के हाथ की नस काट दी थी। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 मई 2026 को आरोग्यम् अस्पताल के पीछे बने एक कमरे में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुरेन्द्र उर्फ चिंगम प्रधान (उम्र 28 वर्ष), निवासी श्यामनगर परसवाड़ा के रूप में हुई। सुरेन्द्र पिछले एक साल से अस्पताल के पीछे राजू पार्षद के ऑफिस वाले कमरे में अकेला रहता था।

मृतक
घटना सुबह उस वक्त उजागर हुई जब मृतक का बड़ा भाई अरविन्द प्रधान उसे खाना देने पहुंचा। कमरे का दरवाजा खुला था और सुरेन्द्र जमीन पर मृत पड़ा था। उसके बाएं हाथ की कलाई कटी हुई थी, पास में चाकू पड़ा था और गले में सफेद गमछा लिपटा हुआ था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर सीएसपी गोरखपुर एम.डी. नागोतिया, एफएसएल अधिकारी डॉक्टर अजय सिंह और फिंगरप्रिंट टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन जब डॉक्टर ने शव का पोस्टमार्टम (PM) किया, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। डॉक्टर के मुताबिक, मृतक की मृत्यु हाथ की नस कटने से नहीं, बल्कि गला घोंटने के कारण श्वांस नली टूटने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच तेज कर दी।

संजीवनी नगर थाना प्रभारी बी.डी. द्विवेदी और धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी दुर्गेश मरावी की टीम ने जब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो पुलिस को लालबाबा मंदिर के पास मृतक का विवाद होने की जानकारी मिली।

मंदिर के पास रहने वाले चश्मदीद गणेश शर्मा ने पुलिस को बताया कि 21 मई की रात करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच चिंगम शराब के नशे में अपनी स्कूटी से वहां आया था। अत्यधिक नशे के कारण वह स्कूटी सहित गिर गया। उसके साथ एक और लड़का था, जिसने अपना नाम आयुष यादव बताया था। आयुष ने लोगों को पुलिस बुलाने से मना किया और कहा कि वह चिंगम का दोस्त है और उसे कमरे पर छोड़ देगा। इसके बाद कुछ युवकों की मदद से चिंगम को स्कूटी पर बैठाकर आयुष अपने साथ ले गया था।

संदेह के आधार पर पुलिस ने धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर संदेही आयुष यादव (उम्र 25 वर्ष, निवासी सागर कालोनी) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आयुष टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आयुष ने बताया कि चिंगम अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और आए दिन परेशान करता था। घटना की रात चिंगम अत्यधिक शराब के नशे में था, जिसका फायदा उठाकर आयुष ने पहले गमछे से उसका गला घोंट दिया। हत्या को सुसाइड का रूप देने के लिए उसने पास में रखे चाकू से चिंगम के हाथ की नस काट दी ताकि पुलिस को लगे कि उसने आत्महत्या की है।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू, गमछा और मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post