Jabalpur News: क्लीनिक में 'राजकुमार' बनकर डेंटिस्ट की नौकरी कर रहा था सैयद इशाक, पहचान छिपाकर हिंदू युवतियों को प्रेमजाल में फंसाने का आरोप, विहिप का भारी हंगामा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के मदन महल थाना क्षेत्र स्थित डेंटल स्क्वायर क्लीनिक में शनिवार शाम उस समय हंगामा मच गया, जब विश्व हिंदू परिषद (VHP) और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। एक युवक पर हिंदू नाम 'राजकुमार' बताकर डेंटिस्ट के रूप में काम करने और हिंदू युवतियों को कथित तौर पर प्रेमजाल में फंसाने के आरोप लगाए गए हैं। 

पहचान बदलकर नौकरी करने का आरोप

आरोप है कि पश्चिम बंगाल निवासी सैयद इशाक असरार क्लीनिक में 'राजकुमार' नाम से डेंटिस्ट के रूप में कार्यरत था। क्लीनिक के संचालक डॉ. साकेत अग्रवाल ने उसे नौकरी पर रखा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि युवक ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर नौकरी हासिल की।

शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप


पीड़िता, जो स्वयं भी डेंटिस्ट है, ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले हैदराबाद में रहता था, जहां उसकी एक हिंदू युवती से दोस्ती हुई। बाद में कोलकाता में उसकी मुलाकात शिकायतकर्ता से हुई और दोनों साथ रहने लगे। इसके बाद वे जबलपुर आए, जहां आरोपी ने गायत्री मंदिर में शादी करने का दावा किया, लेकिन कथित विवाह का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

फर्जी दस्तावेज और आधार कार्ड बदलने का आरोप


शिकायतकर्ता का आरोप है कि युवक ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कई बार आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज अपडेट कराए। आरोप है कि उसने अलग-अलग नामों से फर्जी पहचान पत्र बनवाए और इसी तरीके से तीन हिंदू युवतियों को अपने झांसे में लिया।

क्लीनिक संचालक पर भी उठे सवाल


मामले की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता क्लीनिक पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। बाद में पीड़िता और क्लीनिक संचालक मदन महल थाने पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने क्लीनिक संचालक पर बिना दस्तावेजों का पर्याप्त सत्यापन किए आरोपी को नौकरी देने का आरोप लगाया।

पुलिस ने शुरू की दस्तावेजों की जांच


पुलिस का कहना है कि मामला संवेदनशील है और आरोपी के सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post