चलती स्लीपर बस में 16 साल की छात्रा से गैंगरेप, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली।
दिल्ली में चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है, जबकि पुलिस ने 31 अगस्त को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मामले में बस चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया है। घटना में इस्तेमाल बस को भी जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा पारिवारिक विवाद के बाद बिना बताए अपने रिश्तेदार के घर नोएडा जाने के लिए निकली थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई। वहां नोएडा जाने के लिए वाहन का इंतजार करते समय एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी। छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया।

आरोप है कि ड्राइवर और कंडक्टर ने छात्रा को बस में बैठा लिया और बताया कि बस नोएडा सेक्टर-63 जा रही है। कुछ दूर जाने के बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की। छात्रा के विरोध के बावजूद दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

47 किलोमीटर तक चलती रही बस

पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्रा को देर रात कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतारकर फरार हो गए। परी चौक से कश्मीरी गेट तक बस करीब 47 किलोमीटर चली। बस की खिड़कियों पर पर्दे लगे हुए थे, जिससे अंदर की गतिविधियां बाहर से दिखाई नहीं देती थीं।

छात्रा ने रात में ही कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क कर घटना की शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने बस और आरोपियों की तलाश शुरू की।

CCTV फुटेज से बस को ट्रैक किया

जांच के दौरान पुलिस टीम ने रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बस के रूट को ट्रैक किया। पुलिस ने तिमारपुर की एक बस पार्किंग से ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया। घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना वाले दिन बस में खराबी आने के बाद आरोपी उसे सूरजपुर, नोएडा की एक वर्कशॉप में मरम्मत के लिए ले गए थे। मरम्मत के बाद दोनों खाली बस को तिमारपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक पर छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया था।

बस की फोरेंसिक जांच जारी

पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही हैं और यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि वारदात के दौरान बस किस-किस रास्ते से होकर गुजरी।

Post a Comment

Previous Post Next Post