नांदेड़ गुरुद्वारे में पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल पर हमला, हमलावर गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नांदेड़। महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर गुरुद्वारा माता साहिब कौर में हमला किया गया। पुलिस के मुताबिक, निहंग के वेश में पहुंचे जसपाल सिंह ने उन पर कृपाण से वार किया। हमले में बादल के हाथ पर करीब 5 सेंटीमीटर का कट लगा है।

हमले के दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, जिसमें वह भी घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सुखबीर बादल को इलाज के लिए यशोसाई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से बात कर घटना की जांच के आदेश दिए हैं। डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने भी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात कर सुखबीर का हाल जाना। उन्होंने घटना को सिक्योरिटी लैप्स मानते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की बात कही।

पुलिस CCTV फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ कर हमले की वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

2024 में गोल्डन टेंपल में भी हुआ था हमला

सुखबीर सिंह बादल पर दिसंबर 2024 में भी अमृतसर के गोल्डन टेंपल में हमला हुआ था। धार्मिक सजा के दौरान एक व्यक्ति ने उन पर 9mm पिस्टल से गोली चलाने की कोशिश की थी। सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से गोली का निशाना चूक गया और बादल बाल-बाल बच गए थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post