दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) पटना/भोपाल/वडोदरा। बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे घोषित हो गए हैं। बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 वोटों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। वहीं, मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर कांग्रेस के घनश्याम सिंह विजयी रहे, जबकि गुजरात की मंजलपुर सीट पर भाजपा के सतेन्द्रभाई (सतीश) पटेल ने बड़ी बढ़त के साथ जीत हासिल की।
बांकीपुर में प्रशांत किशोर का दमदार प्रदर्शन
बांकीपुर सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई थी। इस उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने 64,151 वोट (49.23%) हासिल किए, जबकि भाजपा के नीरज कुमार को 44,827 वोट (34.40%) मिले। दोनों के बीच जीत का अंतर 19,324 वोट रहा।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा कुमारी 14,273 वोट (10.95%) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। खास बात यह रही कि भाजपा और राजद के कुल वोट (59,100) भी प्रशांत किशोर के वोटों से 5,051 कम रहे।
जीत के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि यह सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि बिहार में बदलाव चाहने वाली जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि वे आने वाले महीनों में बांकीपुर में विकास और बेहतर जनसेवा पर काम करेंगे।
दतिया में कांग्रेस की लगातार दूसरी जीत
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से पराजित किया। कांग्रेस को 66,757 वोट (42.39%) मिले, जबकि भाजपा को 60,741 वोट (38.57%) प्राप्त हुए।
इस सीट पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के दामोदर यादव 'मंडल' को 22,527 वोट (14.30%) मिले, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय हो गया। उल्लेखनीय है कि भाजपा के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ पर भी कांग्रेस को बढ़त मिली।
मंजलपुर में भाजपा की एकतरफा जीत
गुजरात के वडोदरा जिले की मंजलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार सतेन्द्रभाई (सतीश) पटेल ने कांग्रेस के भिखाभाई रबारी को 30,630 वोटों के बड़े अंतर से हराया। जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और रोड शो निकाला।
तीनों सीटों पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था। इस बार तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पिछले चुनाव की तुलना में मतदान प्रतिशत कम रहा। मतगणना के दौरान बांकीपुर में चुनाव आयोग की वेबसाइट पर राउंड की संख्या को लेकर कुछ तकनीकी गड़बड़ी भी देखने को मिली, हालांकि अंतिम परिणाम पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
Tags
national
