दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। नगर पालिका परिषद दतिया के पार्षदों ने परिषद की विशेष बैठक बुलाने की मांग को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) के नाम ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने नगर पालिका पहुंचकर यह ज्ञापन सफाई प्रभारी अनुपम पाठक को दिया।
ज्ञापन में मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 57 के तहत विशेष बैठक बुलाने की मांग की गई है। पार्षदों का कहना है कि नगर पालिका से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर परिषद में विधिवत चर्चा और निर्णय होना जरूरी है। इसी के तहत निर्वाचित पार्षदों के कम से कम एक-तिहाई सदस्यों की ओर से लिखित अनुरोध प्रस्तुत किया गया है।
पार्षदों ने विशेष बैठक में नगर पालिका अधिनियम की धारा 78 के तहत नामांतरण के अधिकारों के प्रत्यायोजन पर चर्चा की मांग की है। इसके साथ ही नगर पालिका क्षेत्र में कराए जा रहे सभी निर्माण कार्यों की समीक्षा और विभिन्न विभागों के कामकाज की स्थिति पर भी चर्चा की मांग रखी गई है।
पार्षदों ने कहा कि परिषद के समक्ष आवश्यक अन्य विषयों को भी बैठक की कार्यसूची में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि नगर पालिका के कामकाज से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों पर जनप्रतिनिधियों के बीच चर्चा हो सके।
ज्ञापन के माध्यम से पार्षदों ने मांग की कि धारा 57 के प्रावधानों के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में विशेष बैठक की तारीख, समय और स्थान तय किया जाए तथा सभी निर्वाचित पार्षदों को इसकी सूचना दी जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में पार्षद बृजेश यादव, प्रीति शुक्ला सहित अन्य पार्षद शामिल रहे।
Tags
madhya pradesh
