दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या रविवार को तिरुमाला स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी (तिरुपति बालाजी) मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक रीति के अनुसार मुंडन कराया और भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उनके साथ माहिका शर्मा भी मौजूद रहीं। दोनों पारंपरिक सफेद वस्त्रों में नजर आए।
तिरुपति बालाजी मंदिर में मुंडन कराने की परंपरा आस्था और श्रद्धा का प्रतीक मानी जाती है। श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने पर या उसके लिए प्रार्थना करते हुए अपने बाल भगवान को समर्पित करते हैं। मंदिर प्रशासन इन बालों की नीलामी से प्राप्त राशि का उपयोग धार्मिक और सामाजिक कार्यों में करता है।
हार्दिक पंड्या लंबे समय से चोट के कारण क्रिकेट से दूर हैं। पीठ और जांघ की चोट के चलते वह कई अंतरराष्ट्रीय श्रृंखलाओं में हिस्सा नहीं ले सके। उन्होंने आखिरी बार इस वर्ष के इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई की ओर से खेला था।
माना जा रहा है कि भगवान का आशीर्वाद लेने के बाद हार्दिक अब मैदान पर वापसी की तैयारियों में जुट गए हैं। वहीं, उनके भविष्य को लेकर मुंबई टीम से अलग होने की चर्चाएं भी जारी हैं, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
Tags
national
