दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के अधारताल थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे नाले में जा गिरी। इस हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, नेता कॉलोनी निवासी प्रशांत सिंह अपनी स्विफ्ट कार से महाराजपुर से अधारताल की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे कुलपति निवास के पास पहुंचे, तभी अचानक उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया। कार अनियंत्रित होते हुए सीधे सड़क किनारे बने नाले में जा समाई।
हादसे की तेज आवाज सुनते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। नाले में गिरी कार के अंदर फंसे चालक प्रशांत सिंह को लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और घटना की सूचना अधारताल थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही अधारताल थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को नाले से बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू की गई। अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि कुलपति निवास के पास एक स्विफ्ट कार के अनियंत्रित होकर नाले में गिरने की सूचना मिली थी। हादसे में नेता कॉलोनी निवासी प्रशांत सिंह घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Tags
jabalpur

