Jabalpur News: नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे वाहन चोरी, 10 चोरी की गाड़ियां, 4 बैटरियां जब्त; कबाड़ी समेत 5 गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हनुमानताल पुलिस ने वाहन चोरी और ई-रिक्शा बैटरी चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों, जिनमें एक विधि-विवादित बालक भी शामिल है, तथा बैटरी चोरी करने वाले एक आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 चोरी के दोपहिया वाहन और 4 ई-रिक्शा बैटरियां बरामद की हैं। जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में वाहन चोरी, नकबजनी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

ग्राहक की तलाश में खड़े मिले वाहन चोर

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बकरा मार्केट में दो युवक चोरी के वाहन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर दबिश देकर पुलिस ने जितेन्द्र सोनकर उर्फ चील (20) निवासी बड़ी खेरमाई तथा मुशीर उर्फ मूसा (24) निवासी दीनानाथ क्रॉसिंग, हनुमानताल को गिरफ्तार किया।

दोनों के कब्जे से बिना नंबर की चेतक स्कूटर और एक्टिवा बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करना स्वीकार किया।

सात चोरी के वाहन बरामद

सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कई वाहन चोरी करना कबूल किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने ग्वारीघाट, गोलबाजार, बायपास, चार खंभा, रद्दी चौकी और शुभाषाह मैदान क्षेत्र से चोरी किए गए कुल 7 दोपहिया वाहन बरामद किए। इनमें एक्टिवा, होंडा शाइन, केटीएम और चेतक स्कूटर शामिल हैं। पुलिस अब इन वाहनों के वास्तविक मालिकों की तलाश कर रही है।

विधि-विवादित बालक से मिले तीन और वाहन

एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कब्रिस्तान क्षेत्र से एक 16 वर्षीय विधि-विवादित बालक को चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। पूछताछ में उसने दो और वाहन चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने स्प्लेंडर, सीडी डीलक्स और एक्टिवा सहित कुल 3 चोरी के वाहन बरामद किए।

ई-रिक्शा से बैटरियां चुराकर कबाड़ी को बेचता था आरोपी

हनुमानताल थाना क्षेत्र में दर्ज ई-रिक्शा बैटरी चोरी के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने प्रथम उर्फ प्रदीप सोनकर (30) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने ई-रिक्शा से चार बैटरियां चोरी कर उन्हें शाहरुख (27) नामक कबाड़ी को बेचने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने शाहरुख की निशानदेही पर चोरी की गई चारों बैटरियां बरामद कर लीं तथा चोरी का माल खरीदने के आरोप में उसके खिलाफ भी कार्रवाई की। मामले में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post