दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोराबाजार थाना क्षेत्र के बिलहरी इलाके में शनिवार देर रात कार सवार कुछ युवकों की संदिग्ध गतिविधियों से व्यापारियों में दहशत फैल गई। हेलमेट पहनकर आए युवकों ने तीन से चार दुकानों के बाहर कथित तौर पर तंत्र-मंत्र या जादू-टोना से जुड़ी संदिग्ध सामग्री रख दी। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, देर रात एक कार में सवार कुछ युवक बिलहरी क्षेत्र में पहुंचे। पहचान छिपाने के उद्देश्य से सभी ने हेलमेट पहन रखे थे। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग दुकानों के बाहर कुछ संदिग्ध सामग्री रखी और वहां से चले गए। रविवार सुबह जब दुकानदारों ने दुकानों के बाहर यह सामग्री देखी तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
घटना की सूचना मिलने पर प्रभावित दुकानदार गोराबाजार थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर कार और उसमें सवार युवकों की पहचान शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह या अंधविश्वास पर ध्यान न देने की अपील की है। उनका कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
घटना के बाद बिलहरी क्षेत्र के व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, वायरल सीसीटीवी वीडियो के बाद यह रहस्यमयी घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Tags
jabalpur
