MP पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: अंशुमन यादव बने ADG इंटेलिजेंस, चंचल शेखर को खेल विभाग की कमान

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस महकमे में वरिष्ठ IPS अधिकारियों के बीच बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। गृह विभाग ने तबादले और अतिरिक्त प्रभार से जुड़े आदेश जारी किए हैं। इसके तहत 1998 बैच के IPS अधिकारी अंशुमन यादव को ADG इंटेलिजेंस (गुप्तवार्ता) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही उन्हें ADG साइबर, पुलिस मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

वर्तमान ADG इंटेलिजेंस ए. साईं मनोहर 31 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके रिटायरमेंट से ठीक पहले सरकार ने इंटेलिजेंस की कमान अंशुमन यादव को सौंप दी है। यादव इससे पहले खेल एवं युवक कल्याण विभाग के संचालक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

चंचल शेखर को खेल विभाग की जिम्मेदारी

अंशुमन यादव के स्थान पर 1995 बैच के IPS अधिकारी चंचल शेखर को खेल एवं युवक कल्याण विभाग का नया संचालक बनाया गया है। चंचल शेखर अब तक ADG विशेष सशस्त्र बल (SAF) के पद पर तैनात थे।

चंचल शेखर के SAF ADG रहते हुए पुलिस कॉन्स्टेबल बैंड भर्ती में रुपए लेकर सीट बेचे जाने के आरोपों से जुड़ा मामला सामने आया था। भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठे थे। अब नई तबादला सूची में उन्हें SAF से हटाकर खेल विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अनिल कुमार को AJAK का अतिरिक्त प्रभार

1993 बैच के IPS अधिकारी अनिल कुमार, जो वर्तमान में स्पेशल डीजी महिला सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, उन्हें अपने मौजूदा दायित्व के साथ स्पेशल डीजी AJAK (अनुसूचित जाति कल्याण), पुलिस मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

श्रीनिवास वर्मा को SAF और SISF की कमान

1997 बैच के IPS अधिकारी डी. श्रीनिवास वर्मा को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। वे वर्तमान में ADG नारकोटिक्स और ADG STF का दायित्व संभाल रहे हैं। अब उन्हें चंचल शेखर के स्थान पर ADG विशेष सशस्त्र बल (SAF) एवं SISF का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post