MP News: ₹400 के विवाद में पत्नी ने डंडे से पीटकर ली पति की जान, आरोपी महिला हिरासत में

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। भांडेर थाना क्षेत्र के खिरिया साहब गांव में रविवार शाम करीब 5:30 बजे ₹400 को लेकर हुए विवाद में पत्नी ने पति के सिर पर डंडे से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से पति की मौत हो गई। मृतक की पहचान जशवंत (38) पिता आशाराम दोहरे के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जशवंत मजदूरी करता था। रविवार को काम से लौटने के बाद वह घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान पत्नी रूपा से ₹400 को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट की बात भी सामने आई है। इसी दौरान रूपा ने घर में रखा डंडा उठाकर जशवंत के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। भांडेर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। थाना प्रभारी सपना शर्मा के मुताबिक, महिला को हिरासत में लिया गया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

13 साल पहले हुई थी शादी, 8 साल का बेटा

जशवंत और रूपा की शादी करीब 13 साल पहले हुई थी। दोनों का 8 साल का एक बेटा है। जशवंत परिवार में बड़ा भाई था, जबकि उसका छोटा भाई दिल्ली में मजदूरी करता है। मृतक के माता-पिता गांव में ही छोटे बेटे के साथ अलग रहते हैं।

घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य खेत पर गए हुए थे और घर में पति-पत्नी ही मौजूद थे। ग्रामीणों के अनुसार, जशवंत शराब का सेवन करता था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। 

Post a Comment

Previous Post Next Post