दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नरसिंहपुर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोटेगांव थाना क्षेत्र की झोतेश्वर चौकी पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये मूल्य की अवैध देसी शराब जब्त की। इस दौरान शराब की तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त कर एक युवक को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, उमरिया गांव स्थित रपटा पुल पर वाहन जांच के दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक एमपी 20 टीए 1354) की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 500 पाव प्लेन लाल मसाला देसी मदिरा बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 90 बल्क लीटर है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
मौके से पुलिस ने आरोपी राहुल श्रीवास्तव (23), निवासी ग्राम रीछा, थाना ठेमी, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी संजय कुमार श्रीवास्तव का पुत्र है। पुलिस ने शराब के साथ कार को भी जब्त कर थाने में खड़ा कराया है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
Tags
madhya pradesh
