दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिहोरा के गौरी तिराहा स्थित असलम ट्रैक्टर गैराज में दो शातिर बदमाशों ने मालिक का दोस्त बताकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पहले दुकान के कर्मचारी को बातों में उलझाया और चाय लेने भेज दिया, फिर ट्रैक्टर के दो पिस्टन चोरी कर लिए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
दुकान मालिक आसिद ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 2 बजे नया मोहल्ला निवासी राजा उर्फ जमूरा अपने साथी सन्नू के साथ गैराज पर पहुंचा। दोनों ने कर्मचारी आरिफ से खुद को मालिक का दोस्त बताया और चाय लाने के बहाने उसे दुकान से बाहर भेज दिया।
कर्मचारी के जाते ही सन्नू ने दुकान में रखे ट्रैक्टर के दो पिस्टन चुरा लिए, जबकि राजा ने कैश ड्रॉअर में नकदी और कीमती सामान तलाशने की कोशिश की। कुछ देर बाद जब आसिद दुकान पहुंचे और सामान कम मिला तो उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखी, जिसमें दोनों की पूरी करतूत सामने आ गई।
घटना के बाद आसिद ने सिहोरा थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई और सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
