Jabalpur News: आंगनबाड़ी से लौटते समय नाले में डूबे दो मासूम

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) जबलपुर। जिले के बरेला थाना क्षेत्र के शिलपुरी गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसे में आंगनबाड़ी से घर लौट रहे दो पांच वर्षीय मासूम बच्चों की नाले में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे घर जाने के बजाय गांव के बाहर स्थित एक बड़े नाले में नहाने चले गए, जहां गहरे पानी में चले जाने से उनकी जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे दोपहर करीब 3 बजे आंगनबाड़ी से निकले थे। शाम 5 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। पहले आंगनबाड़ी में जानकारी ली गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान गांव के कुछ बच्चों ने बताया कि दोनों को नाले की ओर जाते देखा था।

परिजन और ग्रामीण जब नाले पहुंचे तो किनारे पर बच्चों के कपड़े और चप्पल मिले। इसके बाद डूबने की आशंका पर पुलिस को सूचना दी गई। बरेला थाना पुलिस, ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से शुरू किए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान शाम करीब 6 बजे दोनों बच्चों के शव नाले में झाड़ियों के बीच फंसे मिले। उन्हें तत्काल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृत बच्चों की पहचान साहिल परस्ते और रोमिक पट्टा (प्रारंभिक जानकारी के अनुसार) के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग पांच वर्ष बताई गई है।

हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे शिलपुरी गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और नाले के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post