Jabalpur News: नशे और शौक के लिए करते थे वाहन चोरी, 4 शातिर चोर गिरफ्तार, 7 चोरी की गाड़ियां बरामद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
हनुमानताल पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विधि-विवादित बालक सहित चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी के 7 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में मोटरसाइकिल और स्कूटी शामिल हैं, जिन्हें जबलपुर के अलावा सिहोरा, खितौला, लखनादौन, कटनी और मंडला से चोरी किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, हनुमानताल थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि चार युवक झिन्ना मोहल्ला पहाड़ी में मजार के सामने एक स्कूटी और मोटरसाइकिल लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं और किसी ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान मोहित कोरी (19), निवासी तुलसी कॉलोनी, झंडा चौक बेलबाग, मयंक उर्फ रचित चौधरी (18), निवासी सुराही बिल्डिंग क्षेत्र अधारताल, देवांश श्रीवास्तव (20), निवासी भरतीपुर, पेशकारी स्कूल के पास ओमती और एक 17 वर्षीय विधि-विवादित बालक के रूप में हुई।

पुलिस ने जब मौके पर मौजूद मोटरसाइकिल और स्कूटी के दस्तावेज मांगे तो आरोपी घबरा गए और कोई दस्तावेज नहीं होने की बात कही। सघन पूछताछ में उन्होंने दोनों वाहनों के चोरी के होने की बात स्वीकार की। पूछताछ में सामने आया कि मोटरसाइकिल करीब 10 दिन पहले टेढ़ी नीम क्षेत्र से और स्कूटी करीब आठ दिन पहले लखनादौन, सिवनी से चोरी की गई थी।

पुलिस द्वारा अलग-अलग पूछताछ किए जाने पर आरोपियों ने अन्य वाहन चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और घूमने के शौक के लिए वाहन चोरी करते थे। पूछताछ में सिहोरा-खितौला, कटनी और मंडला सहित अन्य स्थानों से स्कूटी चोरी करने की बात सामने आई।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल सात वाहन बरामद किए। इनमें हनुमानताल से चोरी की गई मोटरसाइकिल एमपी 20 एमआर 2321, लखनादौन से चोरी की गई स्कूटी एक्सिस, खितौला से चोरी की गई स्कूटी एमपी 20 जेडएन 4476, कटनी से चोरी की गई स्कूटी डीएल 3 एसएफक्यू 0446, खितौला से चोरी की गई स्कूटी एमपी 20 जेडसी 8250, मंडला कोतवाली से चोरी की गई स्कूटी एमपी 51 जेबी 2297 तथा सिहोरा से चोरी की गई स्कूटी एमपी 20 एक्ससी 8689 शामिल हैं।

पुलिस ने चारों के विरुद्ध धारा 35(1)(ई) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों के संबंध में पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही आरोपियों से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

इस कार्रवाई में हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद बघेल, प्रेमसागर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक योगेंद्र, प्रधान आरक्षक विनीत श्रीवास, सादिक, अजय डबराल, शिवशंकर यादव, आरक्षक महेंद्र पाल, आदिल रजा और अभय इनवाती की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post