Jabalpur News: संस्कारधानीवासी ध्यान दें! गोल बाजार और मालवीय चौक रूट रहेगा पूरी तरह बंद, देखें वैकल्पिक रास्ते

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 2 नवंबर 2026 को जबलपुर नगर आगमन एवं पदयात्रा कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर की यातायात और पार्किंग व्यवस्था में बदलाव किया है। कार्यक्रम के दौरान दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक गोल बाजार से लेकर मालवीय चौक तक निर्धारित वीआईपी मार्ग को रेड जोन घोषित किया गया है। इस दौरान मार्ग पर दोपहिया, तीनपहिया, ऑटो, ई-रिक्शा और चारपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। गोल बाजार क्षेत्र में भी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान होने वाली असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और शहर में आवागमन के लिए फ्लाईओवर को प्राथमिकता दें।

इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध

मुख्यमंत्री की पदयात्रा के मद्देनजर गोल बाजार से श्याम टॉकीज तिराहा, सुपर मार्केट, गंजीपुरा, बड़ा फुहारा, भार्गव चौक, तुलाराम चौक, करमचंद चौक होते हुए मालवीय चौक तक का मार्ग रेड जोन रहेगा। निर्धारित समय के दौरान इस पूरे मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

इन वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग

दमोह नाका की ओर से आने वाले वाहन गोल बाजार और बाजार क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। ऐसे वाहन बल्देवबाग से उखरी की ओर जा सकेंगे। गोहलपुर की ओर से आने वाले वाहन फ्लाईओवर का उपयोग करते हुए मदन महल, सुहागन आभूषण और तीनपत्ती चौक के रास्ते शहर की ओर जा सकेंगे।

हाईकोर्ट चौक की ओर से आने वाले वाहन घंटाघर, तैयब अली चौक और तीनपत्ती चौक तिराहा होते हुए रानीताल की ओर जा सकेंगे। छोटी लाइन और ब्लूम चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए तीनपत्ती तिराहा से यातायात थाना तिराहा होते हुए फ्लाईओवर का विकल्प रहेगा। मदन महल की ओर से आने वाले वाहन गेट नंबर-4 से डायवर्ट होकर अन्य मार्गों से जा सकेंगे। इसके अलावा तीनपत्ती से ज्योति टॉकीज और तैयब अली चौक के रास्ते भी शहर की ओर आवागमन किया जा सकेगा।

दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक लोडिंग-अनलोडिंग पर रोक

यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल्देवबाग से पांडेय चौक तथा बल्देवबाग से रानीताल चौक तक छोटे मालवाहक वाहनों की आवाजाही और लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।

रानीताल स्टेडियम में खड़ी होंगी कार्यक्रम में आने वाली बसें

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने आने वाली बसों के लिए रानीताल स्टेडियम खेल परिसर में पार्किंग निर्धारित की गई है। पाटन, कटंगी, दमोह, नरसिंहपुर और सिवनी से आने वाली बसें पाटन-कटंगी बायपास, दीनदयाल चौक, दमोह नाका फ्लाईओवर के नीचे से बल्देवबाग, आगा चौक होते हुए रानीताल चौक पहुंचेंगी।

कटनी, सिहोरा और डिंडौरी की ओर से आने वाली बसें आधारताल तिराहा, रद्दी चौकी, गोहलपुर चौक, दमोह नाका फ्लाईओवर के नीचे से बल्देवबाग और आगा चौक होते हुए रानीताल पहुंचेंगी। वहीं, मंडला की ओर से आने वाली बसें एकता मार्केट बायपास, चूल्हा गोलाई, तिलवारा, अंधमूक, पाटन-कटंगी बायपास, दीनदयाल चौक और बल्देवबाग होते हुए रानीताल पहुंचेंगी।

सभी बसें रानीताल चौक पर यात्रियों को उतारने के बाद यू-टर्न लेकर रानीताल स्टेडियम खेल परिसर में पार्क होंगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बसें इन्हीं निर्धारित मार्गों से वापस लौटेंगी।

दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग

कार्यक्रम में आने वाले दोपहिया वाहनों की पार्किंग महाकौशल स्कूल और अंजुमन इस्लामिया स्कूल में निर्धारित की गई है। वहीं, चारपहिया वाहनों को एमएलवी स्कूल और डीएन जैन स्कूल में पार्क किया जाएगा।

यातायात पुलिस ने संस्कारधानीवासियों से अपील की है कि 2 नवंबर को निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें, प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। पुलिस एवं जिला प्रशासन का सहयोग कर यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने में मदद करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post