MP News: कर्ज और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर निगम कर्मी ने वीडियो बनाकर पीया जहर, सहायक CS समेत चार के नाम लिए

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। नगर निगम में पिछले 10 साल से ड्राइवर के रूप में काम कर रहे धर्मेंद्र धारू ने शनिवार को जहर पीकर जान देने की कोशिश की। जहर पीने से पहले उन्होंने एक वीडियो बनाया, जिसमें चार लोगों पर उधारी और ब्याज के पैसे को लेकर परेशान करने का आरोप लगाया है। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें MY अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है।

वीडियो में चार लोगों के नाम लिए

वायरल वीडियो में धर्मेंद्र ने कहा कि उन्हें पैसों की मांग को लेकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने अपनी परेशानी के लिए दुर्गेश शुक्ला, योगेश राठौर, सहायक सीएस भंवर धावरे और बंटी का नाम लिया। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले दो दिनों से उन्हें गाड़ी नहीं दी जा रही थी और उन्हें गाड़ी से उतार दिया गया।

धर्मेंद्र ने वीडियो में दावा किया कि इन्हीं लोगों के दबाव के कारण वह यह कदम उठा रहे हैं। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

उधारी और ब्याज को लेकर विवाद

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मामला उधारी और ब्याज की रकम से जुड़ा बताया जा रहा है। धर्मेंद्र का आरोप है कि उनसे पैसे वापस करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। मामले की वास्तविक वजह और आरोपों की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस कर रही वीडियो की जांच

संयोगितागंज पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है। धर्मेंद्र के बयान दर्ज होने के बाद घटना के कारणों और नामजद लोगों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post