Jabalpur News: पत्नी ने दी किडनी, पति को मिला नया जीवन, सफल किडनी ट्रांसप्लांट के बाद अस्पताल में ही मनाया करवाचौथ; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। करवाचौथ का पर्व जबलपुर के एक दंपती के लिए जिंदगी भर याद रहने वाला पल बन गया। पति की लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखने वाली पत्नी रश्मि गुप्ता ने इस बार उन्हें अपनी एक किडनी दान कर नया जीवन दिया। दो साल से डायलिसिस पर चल रहे 55 वर्षीय दीपक गुप्ता का किडनी ट्रांसप्लांट सफल रहा। ऑपरेशन के बाद खुद अस्पताल में भर्ती रश्मि ने कमजोरी के बावजूद व्हीलचेयर पर बैठकर करवाचौथ की पूजा की और आईसीयू में भर्ती पति का चेहरा छलनी से देखकर उनकी लंबी उम्र की कामना की।

शहर के शांति नगर निवासी दीपक गुप्ता लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। पिछले दो वर्षों से उनका डायलिसिस चल रहा था। करीब सात महीने पहले उनकी हालत और बिगड़ने लगी, जिससे पूरा परिवार चिंतित था। ऐसे मुश्किल समय में पत्नी रश्मि गुप्ता ने पति की जिंदगी बचाने के लिए अपनी एक किडनी दान करने का फैसला किया।

25 अक्टूबर को हुआ किडनी ट्रांसप्लांट

किडनी ट्रांसप्लांट के लिए दीपक और रश्मि 24 अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती हुए थे। डॉक्टरों ने 25 अक्टूबर को ऑपरेशन किया। डॉक्टर विशाल वडेरा के अनुसार, दीपक के शरीर में कुछ ऐसी एंटीबॉडी मौजूद थीं, जो रश्मि की किडनी के खिलाफ प्रतिक्रिया कर सकती थीं। इस जटिल स्थिति से निपटने के लिए पहले प्लाज्माफेरेसिस की प्रक्रिया की गई और एंटीबॉडी का स्तर कम करने के लिए विशेष इंजेक्शन दिए गए। इसके बाद किडनी ट्रांसप्लांट किया गया।

किडनी ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. राजेश पटेल ने बताया कि रश्मि की किडनी लैप्रोस्कोपिक यानी दूरबीन तकनीक से निकाली गई। पूरी सर्जिकल प्रक्रिया में करीब साढ़े तीन से चार घंटे लगे।

24 घंटे में काम करने लगी नई किडनी


डॉक्टरों के मुताबिक, ट्रांसप्लांट के 24 घंटे के भीतर नई किडनी ने बेहतर तरीके से काम करना शुरू कर दिया। ऑपरेशन के तीसरे दिन दीपक का क्रिएटिनिन स्तर 1.0 दर्ज किया गया। फिलहाल उन्हें डायलिसिस की जरूरत नहीं पड़ रही है और उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। डॉक्टरों को उम्मीद है कि स्थिति में इसी तरह सुधार जारी रहा तो उन्हें कुछ ही दिनों में अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।

पति बोले- पत्नी के त्याग से मिला नया जीवन

सफल ऑपरेशन के बाद करवाचौथ पर अस्पताल के बेड पर लेटे दीपक गुप्ता भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उन्हें जो नया जीवन मिला है, वह उनकी पत्नी के त्याग और समर्पण की बदौलत है। जिस पत्नी ने हमेशा उनकी लंबी उम्र की कामना की, उसी ने अपनी किडनी देकर उन्हें जिंदगी की नई उम्मीद दी है।

रश्मि गुप्ता ने कहा, “हर बार मैं अकेले उपवास रखती थी, लेकिन इस बार हम दोनों ही दो दिन पहले से उपवास रखे हुए हैं। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि हमें मिला यह नया जीवन हमेशा स्वस्थ और खुशहाल रहे।”

व्हीलचेयर पर पहुंचीं, चांद को अर्घ्य देकर देखा पति का चेहरा


ऑपरेशन के बाद कमजोरी के कारण रश्मि को चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी। इसके बावजूद उन्होंने करवाचौथ की परंपरा निभाने की इच्छा जताई। अस्पताल प्रबंधन ने उनके लिए पूजा की व्यवस्था की। रश्मि अस्पताल के कपड़ों और मास्क में व्हीलचेयर पर बैठकर परिसर में पहुंचीं, जहां उन्होंने चंद्रमा को जल अर्पित किया।

इसके बाद वह आईसीयू में पहुंचीं और छलनी से पति दीपक का चेहरा देखा। यह पल दंपती और उनके परिवार के लिए बेहद भावुक रहा। करवाचौथ पर पति की लंबी उम्र की कामना के साथ रश्मि ने उन्हें अपनी किडनी देकर जीवन का अनमोल उपहार दिया।

जबलपुर के इस दंपती की कहानी प्रेम, विश्वास और त्याग की ऐसी मिसाल बन गई, जहां करवाचौथ का व्रत केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि जीवन के प्रति समर्पण का प्रतीक बन गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post