दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुंबई। बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री तब्बू 4 नवंबर को अपना 55वां जन्मदिन मना रही हैं। करीब चार दशक लंबे फिल्मी करियर में उन्होंने अपनी दमदार अदाकारी से अलग पहचान बनाई है। 'माचिस', 'चांदनी बार', 'मकबूल', 'हैदर', 'अंधाधुन' और 'दृश्यम' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहना मिली। उन्हें दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और पद्मश्री जैसे सम्मान भी मिल चुके हैं।
हालांकि, पर्दे पर अलग-अलग किरदारों को जीवंत करने वाली तब्बू की निजी जिंदगी हमेशा आसान नहीं रही। बचपन में माता-पिता का अलग होना, रिश्तों में आए उतार-चढ़ाव और काले हिरण शिकार मामले में कानूनी विवाद ने उनकी जिंदगी को कई बार सुर्खियों में ला दिया। जन्मदिन के मौके पर जानते हैं उनकी जिंदगी के पांच चर्चित पहलुओं के बारे में।
1\. तीन साल की उम्र में माता-पिता का तलाक, पिता से नहीं रहा खास संपर्क
तब्बू का जन्म 4 नवंबर 1971 को हैदराबाद में हुआ था। जब वह महज तीन साल की थीं, तभी उनके माता-पिता का तलाक हो गया। इसके बाद उनकी परवरिश मां रिजवाना और नाना-नानी के घर हुई। पिता जमाल हाशमी से उनका खास संपर्क नहीं रहा।
एक पुराने इंटरव्यू में तब्बू ने बताया था कि उन्होंने अपने पिता को कभी नहीं देखा और उनसे मिलने की इच्छा भी कभी महसूस नहीं हुई। उनकी बड़ी बहन फराह कभी-कभी पिता से मिलने जाती थीं, लेकिन तब्बू का उनसे कोई भावनात्मक जुड़ाव नहीं बन पाया।
उन्होंने यह भी बताया था कि स्कूल में उनका सरनेम फातिमा था और उन्होंने पिता का सरनेम हाशमी लगाने की जरूरत महसूस नहीं की। हालांकि, तब्बू ने अपने बचपन को पूरी तरह दुखभरा नहीं बताया। उन्होंने नाना-नानी के साथ बिताए समय को खूबसूरत यादों का हिस्सा बताया था।
2\. संजय कपूर से हुआ पहला प्यार, फिल्म की शूटिंग के दौरान शुरू हुआ रिश्ता
तब्बू का नाम शुरुआती करियर में अभिनेता संजय कपूर के साथ जुड़ा। दोनों की मुलाकात फिल्म 'प्रेम' की शूटिंग के दौरान हुई थी। संजय कपूर ने एक इंटरव्यू में खुद स्वीकार किया था कि फिल्म की शूटिंग के शुरुआती दौर में वह तब्बू को डेट कर रहे थे।
दिलचस्प बात यह है कि फिल्म को बनने में करीब छह साल लगे। इस दौरान दोनों के रिश्ते में भी बदलाव आया और फिल्म की शूटिंग खत्म होते-होते उनके बीच बातचीत बंद हो गई।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इस रिश्ते के टूटने की वजह संजय कपूर और महीप कपूर की नजदीकियों को बताया गया, हालांकि तब्बू ने सार्वजनिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की।
3\. साजिद नाडियाडवाला के साथ रिश्ते की हुई चर्चा, शादी तक नहीं पहुंची बात
संजय कपूर के बाद तब्बू का नाम फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला के साथ जुड़ा। दोनों के रिश्ते की उस दौर में काफी चर्चा हुई थी।
4 अप्रैल 1997 को रेडिफ को दिए एक इंटरव्यू में तब्बू ने स्वीकार किया था कि वह और साजिद एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। जब उनसे शादी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि फिलहाल शादी की कोई योजना नहीं है।
बाद में दोनों का रिश्ता शादी तक नहीं पहुंचा, लेकिन उनकी दोस्ती बरकरार रही। साल 2011 में एक इंटरव्यू में साजिद ने भी तब्बू के साथ अपनी पुरानी दोस्ती का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि दोनों आज भी अच्छे दोस्त हैं।
4\. नागार्जुन से करीब एक दशक तक जुड़ा नाम, रिश्ते को नहीं दिया कोई नाम
तब्बू की निजी जिंदगी का सबसे चर्चित रिश्ता दक्षिण भारतीय अभिनेता नागार्जुन के साथ जोड़ा जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों करीब एक दशक तक एक-दूसरे के करीब रहे। हालांकि, नागार्जुन पहले से शादीशुदा थे।
साल 2007 में करण जौहर के चर्चित शो 'कॉफी विद करण' में तब्बू ने नागार्जुन को अपनी जिंदगी के सबसे करीबी लोगों में से एक बताया था। उन्होंने कहा था कि उनका रिश्ता बेहद खास है और वह इसे कोई नाम नहीं दे सकतीं।
वहीं, साल 2017 में नागार्जुन ने भी तब्बू को अपनी बहुत अच्छी दोस्त बताया था। उन्होंने कहा था कि उनकी दोस्ती कई साल पुरानी है और तब्बू का नाम सुनते ही उनका चेहरा खिल उठता है।
हालांकि, दोनों ने कभी अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई स्पष्ट परिभाषा नहीं दी। रिश्ते के खत्म होने की वजहों को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं हुईं, लेकिन उनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
5\. काले हिरण शिकार मामले में आया नाम, करीब दो दशक तक चला कानूनी विवाद
तब्बू की जिंदगी का एक और चर्चित विवाद साल 1998 में सामने आया। फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग के दौरान जोधपुर में काले हिरण के शिकार का मामला सामने आया था। इस मामले में सलमान खान के साथ तब्बू, सैफ अली खान, सोनाली बेंद्रे और नीलम का नाम भी सह-आरोपी के तौर पर सामने आया।
मामले की सुनवाई लंबे समय तक चली। 5 अप्रैल 2018 को जोधपुर की अदालत ने सलमान खान को दोषी ठहराया, जबकि तब्बू, सैफ अली खान, सोनाली बेंद्रे और नीलम को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया।
हालांकि, मई 2025 में राजस्थान सरकार ने तब्बू समेत अन्य आरोपियों के बरी होने के फैसले को राजस्थान हाईकोर्ट में चुनौती दी। इस तरह यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया।
तब्बू बोली थीं- सिंगल होना बुरा नहीं, गलत पार्टनर से बेहतर है अकेले रहना
रिश्तों को लेकर लगातार चर्चा में रहने वाली तब्बू ने एक इंटरव्यू में अपनी सोच भी खुलकर रखी थी। 23 मार्च 2019 को 'हिंदुस्तान टाइम्स ब्रंच' को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि सिंगल होना कोई बुरी बात नहीं है।
उनके मुताबिक, इंसान की खुशी का रिश्ता केवल वैवाहिक स्थिति से नहीं होता। गलत पार्टनर के साथ रहने से बेहतर है कि व्यक्ति अकेले रहकर अपनी जिंदगी और सपनों को पूरा करे। उन्होंने यह भी कहा था कि एक अच्छा रिश्ता वह होता है, जिसमें दोनों लोग एक-दूसरे को आगे बढ़ने की आजादी दें।
निजी जिंदगी के उतार-चढ़ाव के बीच अभिनय से बनाई अलग पहचान
तब्बू ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत बाल कलाकार के रूप में की थी। अभिनेत्री के तौर पर फिल्म 'प्रेम' से उन्हें पहचान मिली, जबकि 1996 में आई फिल्म 'माचिस' ने उनके करियर को नई दिशा दी। इस फिल्म के लिए उन्हें पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला।
इसके बाद 'विरासत', 'अस्तित्व', 'चांदनी बार' और 'मकबूल' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय की खूब सराहना हुई। 'चांदनी बार' के लिए उन्हें दूसरा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। साल 2011 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
Tags
national
