MP News: ग्राहक का इंतजार कर रहे थे गांजा तस्कर, पहुंच गई पुलिस; पिता-पुत्र गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। राजधानी भोपाल में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नजीराबाद थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ग्राम गढ़ाकला में गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे थे, तभी मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 3 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गढ़ाकला में दो व्यक्ति गांजा लेकर खड़े हैं और उसे बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही नजीराबाद थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। पुलिस ने बताए गए स्थान पर दबिश देकर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद बैग से 1 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान मंगीलाल योगी (60), पिता मोहनलाल योगी और उसके बेटे राजू योगी के रूप में की है। दोनों ग्राम गढ़ाकला, थाना नजीराबाद क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे गांजा कहां से लाते थे और इस अवैध कारोबार में उनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post