Gold-Silver Price Today: धनतेरस से ठीक पहले सोने-चांदी के दामों में बड़ा उछाल! जानिए ताजा रेट

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। धनतेरस और दीपावली से पहले सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। बुधवार, 4 नवंबर को सर्राफा बाजार में सोने और चांदी दोनों के दाम बढ़ गए। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत में 4,046 रुपए की बढ़ोतरी हुई, जिसके बाद इसका भाव बढ़कर 1 लाख 42 हजार रुपए के करीब पहुंच गया। वहीं, एक किलो चांदी की कीमत में 9,708 रुपए का उछाल आया और इसका भाव 1 लाख 86 हजार रुपए प्रति किलो हो गया।

त्योहारी सीजन में कीमतों में आई इस तेजी से सोना-चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों की जेब पर असर पड़ सकता है। गौरतलब है कि इस साल 6 नवंबर को धनतेरस मनाई जाएगी, जिस दिन सोने-चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है।

इस साल सोने में तेजी, चांदी के भाव में गिरावट

आंकड़ों के मुताबिक, 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने की कीमत करीब 1.33 लाख रुपए थी, जो अब बढ़कर 1.42 लाख रुपए के आसपास पहुंच गई है। यानी इस साल सोने की कीमत में करीब 9 हजार रुपए की बढ़ोतरी हुई है।

इसके उलट चांदी की कीमत में इस साल बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। 31 दिसंबर 2025 को एक किलो चांदी का भाव करीब 2.30 लाख रुपए था, जो अब घटकर 1.86 लाख रुपए पर आ गया है। इस दौरान 29 जनवरी को सोने ने 1.76 लाख रुपए और चांदी ने 3.86 लाख रुपए प्रति किलो का ऑलटाइम हाई भी बनाया था।

एक साथ खरीदारी करने से बचने की सलाह

कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक, सोने-चांदी में खरीदारी एक साथ करने के बजाय किश्तों में करना बेहतर हो सकता है। उनका सुझाव है कि कुछ खरीदारी अभी करें और बाकी 15 से 20 दिन के अंतराल पर करें। निवेश के लिहाज से एक-दो महीने के बजाय 6 महीने से एक साल तक की अवधि को ध्यान में रखकर फैसला लेना चाहिए।

सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

ज्वेलरी खरीदते समय ग्राहकों को कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। हमेशा BIS हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना ही खरीदें। हॉलमार्क से सोने की शुद्धता और कैरेट की जानकारी मिलती है। इसके अलावा खरीदारी से पहले सोने का वजन और उस दिन का बाजार भाव अलग-अलग विश्वसनीय स्रोतों से जरूर जांच लें।

सोने की कीमत 24, 22 और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होती है। इसलिए आभूषण खरीदते समय कैरेट के साथ मेकिंग चार्ज और अन्य शुल्क की जानकारी भी लेना जरूरी है।

असली चांदी की पहचान के तरीके

चांदी खरीदते समय भी उसकी शुद्धता की जांच जरूरी है। इसके लिए मैग्नेट टेस्ट, आइस टेस्ट, स्मेल टेस्ट और क्लॉथ टेस्ट जैसे सामान्य तरीके बताए जाते हैं। हालांकि, घरेलू परीक्षण पूरी तरह भरोसेमंद नहीं होते। चांदी की वास्तविक शुद्धता की पुष्टि के लिए BIS हॉलमार्क और प्रमाणित जांच को प्राथमिकता देनी चाहिए।

त्योहारी सीजन में सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच ग्राहकों के लिए जरूरी है कि वे बाजार भाव की जानकारी लेकर और शुद्धता की पुष्टि करने के बाद ही खरीदारी करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post