दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पदभार संभालने के लगभग आठ महीने बाद, बीजेपी विधायक दल की कार्यकारिणी का गठन किया गया है। नई कार्यकारिणी में डॉ. मोहन यादव को विधायक दल का नेता और शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे को उपनेता बनाया गया है।
पूर्व मुख्य सचेतक डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह कैलाश विजयवर्गीय को विधायक दल का मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है। सागर विधायक शैलेंद्र जैन को महामंत्री बनाया गया, जबकि सीधी विधायक रीति पाठक और हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा को सचेतक नियुक्त किया गया है।
कार्यकारिणी के अन्य सदस्य:
- हरिशंकर खटीक और संजय पाठक को मंत्री पद दिया गया।
- बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
16 विधायक सदस्य बने
भाजपा विधायक दल के सदस्यों में गोपाल भार्गव (रहली) जयंत मलैया (दमोह) नागेंद्र सिंह (नागौद) जय सिंह मरावी (जैतपुर) मीना सिंह (मानपुर) डॉक्टर सीता शरण शर्मा (होशंगाबाद) भूपेंद्र सिंह (खुरई) अजय बिश्नोई (पाटन) ओमप्रकाश सकलेचा (जावद) राजेंद्र पांडे (जावरा) दिव्यराज सिंह (सिरमौर) उमाकांत शर्मा (सिरोंज) मंजू दादू (नेपानगर) जगन्नाथ सिंह रघुवंशी (चंदेरी) और अमरीश शर्मा (लहार) को सदस्य बनाया गया है।
सीएम अचानक दिल्ली रवाना हुए
मंगलवार को कैबिनेट की बैठक के अलावा विभागों की समीक्षा करने के बाद शाम को विधायक दल की कार्यकारिणी गठित की गई। शाम को अचानक सीएम का प्रोग्राम बदला और वे दिल्ली रवाना हो गए। हालांकि, दिल्ली में उनके कार्यक्रम की जानकारी सामने नहीं आई।