News Update: यूपी, पंजाब, केरल में उपचुनाव की तारीख बदली: 14 सीटों पर अब 20 नवंबर को वोटिंग

दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, पंजाब और केरल में होने वाले विधानसभा उपचुनाव की तारीख में बदलाव किया गया है। चुनाव आयोग ने सोमवार को घोषणा की कि तीनों राज्यों की 14 विधानसभा सीटों पर अब 13 नवंबर के बजाय 20 नवंबर को वोटिंग होगी। चुनाव परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

चुनाव आयोग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 9, पंजाब में 4 और केरल में 1 विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को मतदान होगा। तारीखों में बदलाव भाजपा, कांग्रेस, RLD और बसपा की मांग पर किया गया है। इन पार्टियों ने कहा था कि 15 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा और गुरुनानक देवजी का प्रकाश पर्व है, जबकि केरल में 13 से 15 नवंबर तक कलपाथि रास्थोलसेवम मनाया जाएगा, जिससे वोटिंग पर असर पड़ सकता है।

इसके अलावा, 20 नवंबर को महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों पर चुनाव होने हैं। इसी दिन महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट और उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होंगे।

हालांकि, चुनाव आयोग ने 10 राज्यों की 33 सीटों पर तारीख में बदलाव नहीं किया है, जहां मतदान 13 नवंबर को ही होगा। इनमें झारखंड विधानसभा की 43 सीटें और केरल की वायनाड लोकसभा सीट भी शामिल है। 15 अक्टूबर को चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र-झारखंड के साथ 14 राज्यों की 48 विधानसभा और 2 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों की घोषणा की थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post