दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मझगवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत धनगवां ग्राम में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमें 24 वर्षीय युवक पर 60 वर्षीय वृद्धा के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पीड़िता धनगवां गांव की रहने वाली है, जिसकी चार बेटियां हैं और सभी की शादी हो चुकी है। उसके पति का 22 वर्ष पूर्व निधन हो चुका था, जिसके बाद वह घर में अकेले ही रहती थी। घटना के दिन आरोपी युवक वृद्धा के घर में जबरन घुस आया और दरवाजा बंद कर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान उसने वृद्धा के साथ मारपीट की और घटना का खुलासा करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
वृद्धा ने बचाव के लिए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया, जिसके बाद पास की महिलाएं मौके पर पहुंची और दरवाजा खोला। आरोपी वहां से भाग निकला। घटना के बाद वृद्धा ने थाने जाकर पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।