दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिला विशेष शाखा (डीएसबी) की प्रभारी का कार्यालय में गाने की धुन पर डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। वीडियो में डीएसबी की प्रभारी, अधीनस्थ कर्मचारी और अन्य महिलाएं फिल्मी गाने पर झूम रहीं हैं और मस्ती करते नजर आ रही हैं। इस दौरान अनुशासन, पद की गरिमा और पुलिस महकमे की जिम्मेदारियों को दरकिनार कर दिया गया है। यह वीडियो एक कर्मचारी की सेवानिवृत्ति या स्थानांतरण का है अभी यह साफ नहीं हो पा रहा है।
हालांकि यह वीडियो गत दिवस का बताया जा रहा है। वीडियो में डीएसबी की प्रभारी सीमा इंगोले सहित अन्य कर्मचारी भी नाचते नजर आ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि जिला विशेष शाखा खुफिया जानकारी के संग्रह, मिलान और प्रसार का कार्य करती है, डीएसबी प्रशासनिक रूप से विशेष शाखा मुख्यालय पदस्थ हैं, लेकिन परिचालन रूप से संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक के अधीन कार्य करती है। जिसमें सार्वजनिक आंदोलन, विध्वंसक गतिविधियों और सुरक्षा मामलों का प्रबंधन शामिल है। वीडियो वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आया है, और जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। वायरल वीडियो की सांध्य बंधु पुष्टि नहीं करता है।