दैनिक सांध्य बन्धु उज्जैन। उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तीन युवकों ने शराब में जहर मिलाकर पी लिया। इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक और घायल युवक रिश्ते में जीजा-साले थे। मृतकों में अरुण चंद्रवंशी (21) और रामप्रसाद बागरी (20) शामिल हैं, जबकि तीसरे युवक बंटी (22) का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना से पहले अरुण ने जहर पीने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसके बैकग्राउंड में गाना "उड़ जा काले कांवा..." बज रहा था।
मृतक अरुण के बड़े भाई ने आरोप लगाया कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या हो सकती है। वीडियो में बंटी को शराब में जहर मिलाते हुए देखा गया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।
मृतक अरुण, रामप्रसाद और बंटी ने विक्रमनगर ब्रिज के पास साथ में शराब पी। अरुण ने शराब में जहर मिलाकर पीने का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। इसके बाद तीनों अपने-अपने घर लौट आए। शनिवार सुबह अरुण और रामप्रसाद की मौत हो गई, जबकि बंटी की हालत गंभीर है।
पुलिस के अनुसार, अरुण और रामप्रसाद का अपनी पत्नियों से विवाद चल रहा था। अरुण की पत्नी ताराबाई ने भी इस बात की पुष्टि की है। ताराबाई ने बताया कि अरुण और रामप्रसाद कोर्ट में पेशी के बाद बंटी को साथ लेकर गए थे।
जांच में सामने आया कि मृतक अरुण का एक नाबालिग लड़की से प्रेम प्रसंग था। वह उसे भगाकर ले गया था, जिसके कारण उस पर पुलिस में केस दर्ज हुआ था। इसी मामले में 24 जनवरी को उसकी कोर्ट में पेशी हुई थी।
चिमनगंज थाना प्रभारी हितेश पाटिल ने बताया कि परिजनों और बंटी के बयानों में विरोधाभास है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।