Jabalpur News: 'होटल रिलैक्स इन' में मिली महिला की लाश, जांच में जुटी पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
शहर के संजीवनी नगर थाना अंतर्गत धनवंतरी नगर चौकी क्षेत्र में आज उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक होटल के कमरे में एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में होटल प्रबंधन की एक गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। बताया जा रहा है कि 'होटल रिलैक्स इन' के संचालक द्वारा महिला को कमरा देते समय उसका अनिवार्य पहचान पत्र (ID) नहीं लिया गया था। बिना पहचान पत्र के कमरा आवंटित किए जाने के कारण मृतका की शिनाख्त करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। होटल संचालक की इस भूमिका को भी पुलिस संदिग्ध मान रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए संजीवनी नगर थाना पुलिस और धनवंतरी नगर चौकी की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। साक्ष्य जुटाने के लिए SFL (State Forensic Laboratory) की टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया है। विशेषज्ञों द्वारा कमरे के भीतर से उंगलियों के निशान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

चौराहे के पास स्थित होटल में इस तरह संदिग्ध मौत होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस फिलहाल होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वहां काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। 
 
पुलिस का कहना है महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। होटल द्वारा पहचान पत्र न लेना नियमों का उल्लंघन है, जिस पर कार्रवाई की जाएगी। शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post