Jabalpur News: बल्दी कोरी की दफाई इलाके में घर पर पथराव, महिला के दांत टूटे

Ai Image
दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना घमापुर के अंतर्गत बल्दी कोरी की दफाई क्षेत्र में बीती रात बदमाशों द्वारा एक घर पर किए गए पथराव में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पत्थर लगने के कारण महिला के सामने के दांत टूट गए हैं। 

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय श्रीमती काजल साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती रात करीब 11:30 बजे उनके पति लक्ष्मीनारायण साहू एक मित्र के जन्मदिन समारोह में गए हुए थे। घर पर उनकी सास फूलवती और देवर कार्तिक साहू सो रहे थे। इसी दौरान अचानक घर के दरवाजे पर पत्थर गिरने की आवाजें आने लगीं।

काजल ने जैसे ही यह देखने के लिए दरवाजा खोला कि बाहर क्या हो रहा है, तभी एक पत्थर उनके चेहरे पर लगा। पत्थर इतनी तेजी से लगा कि उनके आधे दांत टूटकर गिर गए। इसके बाद एक और पत्थर उनके हाथ में लगा, जिससे वह चोटिल हो गईं। पीड़िता ने आशंका जताई है कि उनके घर पर पत्थर संदीप कोरी और कमलेश कोरी द्वारा मारे गए हैं। इस पथराव में घर के दरवाजे को भी नुकसान पहुंचा है।

घमापुर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी संदीप कोरी और कमलेश कोरी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(2), 324(4) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post