दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भगवती मानव कल्याण संगठन की जबलपुर शाखा के कार्यकर्ताओं ने नशा विरोधी जन आंदोलन के तहत माढ़ोताल थाना क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की। संगठन के सदस्यों ने कटंगी बाईपास और पाटन बाईपास के बीच एक कार्रवाई करते हुए 4 पेटी अवैध शराब बरामद की। इस शराब में 200 पाव लाल मसाला अवैध शराब शामिल थी, जिसे दो आरोपी एक होंडा कंपनी की एक्टिवा (MP 20 SK 4123) पर ले जा रहे थे। संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों को मौके पर पकड़कर तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद माढ़ोताल थाने में एफ.आई.आर. दर्ज की गई।
भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं के इस साहसिक प्रयास से नशा विरोधी अभियान को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। संगठन द्वारा नशे के खिलाफ इस तरह की सक्रियता और जन-जागरूकता को लेकर शहर में उनकी भूमिका की सराहना की जा रही है।