दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। प्रियंका गांधी वाड्रा की सक्रिय राजनीतिक एंट्री और विजयपुर उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पार्टी के लिए एक अहम पल था। खासकर, वायनाड लोकसभा सीट से शानदार जीत और महाराष्ट्र की नांदेड सीट पर कब्जा जमाने के बाद कांग्रेस के कार्यकताओं में जोश बढ़ा। हालांकि, विजयपुर में उपचुनाव की जीत के बावजूद नगर कांग्रेस में उत्साह की कमी नजर आई।
मालवीय चौक पर अधूरा जश्न
विजयपुर की जीत को लेकर जबलपुर कांग्रेस के कार्यकर्ता मालवीय चौक पहुंचे उन्हें यह उम्मीद थी कि नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रियंका गांधी की जीत और विजयपुर विस. उप चुनाव की जीत का जश्न मनाया जाएगा। लेकिन जब कार्यकर्ता वहां पहुंचे, तो उत्सव का माहौल फीका नजर आया। नगर कांग्रेस के बड़े नेताओं की गैरमौजूदगी ने कार्यकताओं का उत्साह ठंडा कर दिया। पार्टी कार्यकताओं ने इसे हाल ही में हुए विधानसभा और लोकसभा चुनावों में मिली हार का असर बताया। वहीं प्रदेश कांग्रेस लंबे समय से चुनावी हार के सदमे से जूझ रही है। विजयपुर की जीत को लेकर कार्यकर्ता जोश में थे, लेकिन शीर्ष नेतृत्व की उदासीनता ने उनकी उम्मीदों को ठेस पहुंचाई।
भाजपा विधायक से मिठाई खाकर चर्चा में आए कांग्रेसी नेता
भाजपा नेताओं द्वारा जीत का जश्न मनाए जाने के दौरान एक अप्रत्याशित घटना ने सभी का ध्यान खींचा। एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने भाजपा विधायक के हाथों से मिठाई खाई, जिससे सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई। यह घटना कांग्रेस कार्यकताओं के बीच असमंजस का कारण बनी है। कई कार्यकताओं ने इसे "राजनीतिक सौहार्द" बताया, तो कुछ ने इसे कांग्रेस के कमजोर आत्मविश्वास का प्रतीक माना।