Jabalpur News: लोकायुक्त डीजी जयदीप प्रसाद का जबलपुर आगमन, समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लोकायुक्त डीजी जयदीप प्रसाद ने अपने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार जबलपुर का दौरा किया। लोकायुक्त कार्यालय पहुंचे डीजी ने संभाग के 8 जिलों में लोकायुक्त टीम द्वारा किए गए कार्यों की आंशिक समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लोकायुक्त कार्यालय पहुंचने पर एसपी लोकायुक्त संजय साहू और डीएसपी ने डीजी का स्वागत किया। डीजी ने संगठन के कार्यों की सराहना करते हुए मामलों में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने पंजीबद्ध प्रकरणों में चालान प्रस्तुत करने की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए।

डीजी ने आय से अधिक संपत्ति और रिश्वत के मामलों में जांच पूरी होने पर विशेष भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय में चालान पेश करने की अनुमति समय पर लेने पर बल दिया। उन्होंने केस डायरी की समीक्षा प्रक्रिया को तेज करने और अनुमति प्रक्रिया को सरल बनाने की आवश्यकता बताई।

गौरतलब है कि जयदीप प्रसाद जबलपुर रेंज के आईजी रह चुके हैं और हाल ही में उन्हें एडीजी इंटेलिजेंस से पदोन्नत कर डीजी लोकायुक्त नियुक्त किया गया है। उनका यह दौरा टीम के साथ समन्वय बढ़ाने और कामकाज में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

लोकायुक्त संगठन द्वारा दर्ज किए गए प्रकरणों की गहन समीक्षा के साथ, डीजी ने भ्रष्टाचार निवारण में टीम को और अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव दिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post