दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पांच दिन पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के सात मौजूदा विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इनमें महरौली, त्रिलोकपुरी, जनकपुरी, बिजवासन, पालम, आदर्श नगर और कस्तूरबा नगर विधानसभा सीट के विधायक शामिल हैं।
महरौली विधानसभा से दो बार विधायक रहे नरेश यादव ने पार्टी छोड़ने का कारण भ्रष्टाचार को बताया है। उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "AAP का उदय भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना आंदोलन से हुआ था, लेकिन अब पार्टी पूरी तरह से भ्रष्टाचार के दलदल में फंस चुकी है।"
नरेश यादव ने यह भी कहा, "मैंने महरौली में पिछले 10 सालों से 100 प्रतिशत ईमानदारी से काम किया, लेकिन अब पार्टी में कहीं भी ईमानदारी नहीं दिख रही।" उन्होंने बताया कि महरौली के लोग भी मानते हैं कि पार्टी ने भ्रष्टाचारियों को ही शामिल कर लिया है और जनता को धोखा दिया है।
इन विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दिया:
1. पालम विधायक भावना गौड़
2. महरौली विधायक नरेश यादव
3. जनकपुरी विधायक राजेश ऋषि
4. त्रिलोकपुरी विधायक रोहित महरौलिया
5. कस्तूरबा नगर विधायक मदन लाल
6. बिजवासन विधायक भूपेंदर सिंह जून
7. आदर्श नगर विधायक पवन शर्मा
AAP के लिए यह झटका तब है जब वोटिंग नजदीक हैं, और इस इस्तीफे के बाद पार्टी को एक बड़ा नुकसान हो सकता है।