Jabalpur News: रात 1 बजे अंगूठी, 2 बजे चेन और 3 बजे AC की मांग; दहेज नहीं मिला तो बिना शादी लौटी बारात, दुल्हन से मारपीट और अभद्रता का भी आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। दहेज की मांग को लेकर शादी समारोह में विवाद का मामला सामने आया है। सिविल लाइन स्थित बंधन बारात घर में 24 नवंबर को आयोजित विवाह समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब आरोप है कि वर पक्ष ने शादी के दौरान एक के बाद एक नई मांगें रखनी शुरू कर दीं। अंगूठी और सोने की चेन की मांग पूरी होने के बाद जयमाला और भोजन के समय AC की मांग कर दी गई। मांग पूरी नहीं होने पर वर पक्ष ने खाना खाने से इनकार कर दिया और विवाद के बाद बिना शादी किए बारात वापस लौट गई।

जानकारी के मुताबिक, दुल्हन के पिता मुरारी लाल कोरी निवासी गोरा बाजार ने अपनी बड़ी बेटी का विवाह घमापुर निवासी युवक से तय किया था। 24 नवंबर को बारात सिविल लाइन स्थित बंधन बारात घर पहुंची थी। आरोप है कि रात करीब 1 बजे वर पक्ष ने अंगूठी की मांग रखी। इसके बाद रात करीब 2 बजे जयमाला से पहले सोने की चेन मांगी गई। दुल्हन के पिता के मुताबिक, चेन गोरा बाजार से मंगवाकर वर पक्ष को दी गई।

परिवार का आरोप है कि जयमाला के बाद जब भोजन का समय आया तो रात करीब 3 बजे वर पक्ष ने AC की मांग कर दी। मांग पूरी नहीं होने तक खाना खाने से इनकार कर दिया गया। दुल्हन ने अपने पिता की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इस मांग पर आपत्ति जताई। इसके बाद विवाद बढ़ गया।

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान वर पक्ष के लोगों ने दुल्हन के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। इसके बाद बारात बिना विवाह किए वापस लौट गई। दुल्हन के पिता ने बताया कि दूल्हे के माता-पिता शादी समारोह में शामिल नहीं हुए थे। बारात में दूल्हे के चाचा, बुआ, बहनें और अन्य रिश्तेदार मौजूद थे।

दुल्हन के जीजा ने बताया कि शादी से पहले अंगूठी और सोने की चेन देने को लेकर कोई सहमति नहीं बनी थी। इसके बावजूद विवाह समारोह के दौरान अलग-अलग समय पर नई मांगें रखी गईं। परिवार का कहना है कि लगातार बढ़ती मांगों के कारण शादी का माहौल विवाद में बदल गया।

घटना के बाद पीड़ित परिवार न्याय की मांग लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। दुल्हन के पिता मुरारी लाल कोरी का कहना है कि शादी के दौरान उनकी बेटी के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उसके बाद वे अब इस परिवार में अपनी बेटी का विवाह नहीं करना चाहते। परिवार ने पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post