News update: नगर पालिका अधिकारी के ठिकानों पर ईओडब्ल्यू का छापा

ढाई करोड़ से अधिक की अनुपातहीन संपत्ति निकली 

 दैनिक सांध्य बन्धु बालाघाट। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) जबलपुर की टीम ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी वारासिवनी बालाघाट में पदस्थ दिशा डेहरिया के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के मामले में उनके कार्यालय और आवास पर जांच पड़ताल शुरु की| 

प्रारंभिक जांच पड़ताल में ढाई करोड़ की संपत्ति उजागर हुई| ईओडब्ल्यू इस मामलें में अभी जांच कर रही है| ईआडब्ल्यू के डीजीपी उपेंद्र जैन ने बताया कि आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो जबलपुर की टीम ने दिशा डेहरिया के शासकीय आवास सहित कार्यालय में सुबह-सुबह सर्च कार्रवाई शुरु की| 

दिशा डेहरिया के पास मुख्य नगर पालिका सिवनी नगर पालिका परिषद का भी अतिरिक्त प्रभार है| इसके पूर्व वे छिंदवाड़ा जिले के चांद और हर्रई नगर परिषद में सीएमओ पदस्थ रह चुकी है| सीएमओ दिशा डेहरिया की संपत्ति की जांच के लिए 3 अलग-अलग टीम सिवनी, बालाघाट के वारासिवनी और छिंदवाड़ा सुबह करीब 9 बजे पहुंची हैं। 

ईओडब्ल्यू डीएसपी एव्ही सिंह ने ईएमएस को बताया कि दिशा डेहरिया बालाघाट वारासिवनी में नगर परिषद में पदस्थ हैं, वर्तमान में सिवनी का प्रभार भी है। दिशा डेहरिया पर आय से अधिक संपत्ति का प्रकरण दर्ज है, टीम की सर्च कार्रवाई जारी है। सीएमओ दिशा डेयरिया के घर और ऑफिस में ईओडब्ल्यू की सर्च कार्रवाई से 3 जिलों में घंटों हड़कंप मचा रहा है।

ईओडब्ल्यू की तीनों टीम एक ही समय में उनके सभी कार्यालय में पहुंची। सिवनी में हुई सर्च कार्रवाई के बाद जांच दल सीएमओ दिशा को लेकर छिंदवाड़ा के लिए रवाना हुई है। छिंदवाड़ा में प्राथमिक जांच पड़ताल के बाद वारासिवनी और फिर उन्हें जबलपुर लाया जा सकता है।

बैंक खाता, जमीन और वाहनों की जांच.............

ईओडब्ल्यू की टीम सीएमओ दिशा डेहरिया के सभी बैंक खाता, ट्रांसजक्शन, आभूषण, वाहन, खेतीहर भूमि और प्लाट से संबंधित दस्तावेजों की  जांच-पड़ताल की| अबतक जांच पड़ताल में छिंदवाडा के एमआईजी कालोनी में 15 सौ वर्ग फीट का एक मकान, 3 हजार वर्गफीट के दो मकान व मेन रोड नागपुर में एक दुकान और जेके जीन्सशॉप एमआईजी कालोनी छिंदवाड़ा में दो दुकान के दस्तावेज मिले हैं| 

इसी प्रकार 5 वाहनों का पता चला है जिनमें दो वाहन चार पहिया है इको स्पोटर्स एवं क्रेटा शामिल है वहीं तीन दो पहिया वाहन भी मिलें है इसके अलावा घरेलू सामान, दुकान का सामान  और नगद व सोने चांदी के जेवर कुल 30 लाख रुपए के मिले है| ईओडब्ल्यू के मुताबिक ढाई करोड़ की अनुपातहीन संपत्ति का अनुमान है| सर्च कार्रवाई अभी जारी है| 

ईओडब्ल्यू ईकाई जबलपुर से उप पुलिस अधीक्षक एव्ही सिंह के नेतृत्व में एवं निरीक्षक प्रेरणा पाण्डेय, कीर्ति शुक्ला, छविकांति आर्मा द्वारा वारासिवनी, उप पुलिस अधीक्षक स्वर्णजीत सिंह धामी के नेतृत्व में एवं उप पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी यादव, उप निरीक्षक विशाखा तिवारी द्वारा छिंदवाड़ा तथा उप पुलिस अधीक्षक मुकेश खंपरिया के नेतृत्व में सिवनी में एक साथ कार्रवाई की जा रही है| 

Post a Comment

Previous Post Next Post