MP News: जमीन विवाद में युवक की हत्या, आरोपी बोला- गोली नहीं चलाता तो वे मुझे मार देते

दैनिक सांध्य बन्धु मुरैना। जमीन की मेढ़ के विवाद में अपने ही दोस्त लोकेंद्र शर्मा की हत्या करने वाले आरोपी राजवीर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को दिए बयान में राजवीर ने कहा कि घटना के दिन लोकेंद्र, उसके दोनों चाचा और उनके बेटे ने उसे घेर लिया था। उसे लगा कि अगर उसने गोली नहीं चलाई, तो वे उसे मार देंगे। इसलिए मजबूरी में फायर करना पड़ा, लेकिन यह नहीं सोचा था कि लोकेंद्र की जान चली जाएगी।

राजवीर ने बताया कि उसने और लोकेंद्र ने मिलकर गांव में 28 बिस्वा जमीन खरीदी थी, जिसमें दोनों के हिस्से में 14-14 बिस्वा जमीन आई थी। दोनों इस पर मकान बनाना चाहते थे। लेकिन रविवार सुबह जब राजवीर अपने खेत पर पहुंचा, तो उसने देखा कि मेढ़ की मिट्टी उखड़ी हुई थी। इसी को लेकर विवाद बढ़ गया और हिंसक झड़प हो गई।

इस झगड़े में लोकेंद्र के पिता जगदीश शर्मा घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जब लोकेंद्र को इस हमले की खबर मिली, तो वह अपने चाचा और अन्य परिजनों के साथ राजवीर के घर पहुंचा। राजवीर की पत्नी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे जबरन घर में घुसने लगे। अपनी जान बचाने के लिए राजवीर ने लाइसेंसी बंदूक से लोकेंद्र पर दो गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

लोकेंद्र अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। तीन साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसका एक साल का बेटा भी है। पुलिस ने आरोपी राजवीर को गिरफ्तार कर लिया है । 

Post a Comment

Previous Post Next Post