दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आर्थिक अन्वेषण ब्यूरो (EOW) जबलपुर की टीम ने शनिवार को मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्रीय विद्युत वितरण कंपनी, कटनी में पदस्थ कार्यपालन यंत्री उमा शंकर पाराशर के निवास पर छापेमारी कर 5.5 करोड़ रुपए की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा किया। पाराशर मूलतः नरसिंहपुर के निवासी हैं और 1991 से विद्युत विभाग में नौकरी कर रहे हैं।
ईओडब्ल्यू की टीम सुबह 7 बजे नरसिंहपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित उनके आवास पहुंची और शाम 4 बजे तक सर्चिंग जारी रही। जांच के दौरान दो आलीशान मकान, एक बायो केमिकल वेस्ट फैक्ट्री, छह वाहन, लाखों के सोने-चांदी के जेवर और करोड़ों का घरेलू सामान बरामद हुआ।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और ग्राम बिनैर, तहसील करेली स्थित फैक्ट्री समेत कुल संपत्ति की कीमत लगभग 5.5 करोड़ रुपए आंकी गई है। इसके अलावा पाराशर के नाम से 9 बैंक खातों की जानकारी भी सामने आई है, जिनकी जांच की जा रही है।
EOW ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी), 13(2) के तहत प्रकरण क्रमांक 89/25 दर्ज किया है। यह कार्रवाई डीएसपी एवी सिंह के नेतृत्व में की गई।
Tags
jabalpur