दैनिक सांध्य बन्धु शिमला। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण उन्हें शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की जांच कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्हें किस प्रकार की स्वास्थ्य समस्या हुई है।
सोनिया गांधी 2 जून को अपनी बेटी प्रियंका गांधी के साथ शिमला आई थीं और छराबड़ा स्थित अपने निजी फार्म हाउस में ठहरी हुई थीं। अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें IGMC लाया गया।
सूचना मिलते ही हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपना ऊना दौरा रद्द कर दिया है और शिमला लौट रहे हैं। उनके IGMC पहुंचने की संभावना है। IGMC अस्पताल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
पहले भी बिगड़ी थी तबीयत
मार्च 2024 में भी सोनिया गांधी को दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। उस समय उन्हें बुखार की शिकायत थी। डॉक्टरों ने बताया था कि वह वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में हैं और उनकी स्थिति स्थिर है।
इससे पहले, जनवरी 2024 में भी उन्हें वायरल संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। जून 2022 में सोनिया गांधी कोरोना वायरस संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती हुई थीं।
सोनिया गांधी की उम्र 76 वर्ष है और उनका स्वास्थ्य पिछले कुछ वर्षों से बार-बार खराब होता रहा है। फिलहाल IGMC में उनका इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।