Jabalpur News: शक्तिनगर में पिता-पुत्र पर फावड़ा से हमला

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गढ़ा क्षेत्र के शक्तिनगर में बीती रात एक मामूली सड़क विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आकाश त्यागी (30 वर्ष), निवासी शक्तिनगर, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बीती शाम काम से घर लौट रहा था। घर से कुछ दूरी पर हैपी चिल्ड्रन स्कूल, शक्तिनगर के पास उसने देखा कि उसके पिता रविकांत त्यागी के साथ संदीप धुर्वे नामक युवक हाथ-मुक्कों से मारपीट कर रहा था। 

जब आकाश बीच-बचाव करने गया तो संदीप ने फावड़ा से हमला कर दिया, जिससे आकाश के बाएं हाथ की कलाई और पंजे में चोट आई, जबकि उसके पिता रविकांत के दाहिनी आंख के पास और सिर में चोट लगी। घटना के बाद पिता ने बताया कि संदीप धुर्वे ने सामने से मोटरसाइकिल में कट मारा था। जब रविकांत त्यागी ने उसे ठीक से गाड़ी चलाने के लिए कहा, तो इसी बात पर विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई। पुलिस ने धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post