MP News: RTO चालान की APK फाइल से 6.56 लाख की साइबर ठगी, पूरी रकम पानीपत निवासी एक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर; ग्वालियर पुलिस हरियाणा रवाना

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर।
ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां आरटीओ ई-चालान के नाम से भेजी गई APK फाइल डाउनलोड करने पर एक लैब टेक्नीशियन के खाते से 6.56 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। ठगी की पूरी रकम हरियाणा के पानीपत निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रांसफर होने का खुलासा हुआ है। मामले की जांच के लिए मुरार पुलिस की टीम हरियाणा रवाना हो गई है।

काशीपुरा, वर्षा कॉन्वेंट स्कूल के पास रहने वाले शिवनारायण धाकड़ मुरार के एक निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत हैं। जनवरी माह में उनके मोबाइल पर आरटीओ चालान के नाम से एक APK फाइल आई, जिसे उन्होंने डाउनलोड कर लिया। बाद में बेटे ने फाइल को फर्जी बताया, लेकिन तब तक मोबाइल का डेटा ठगों के हाथ लग चुका था।

करीब 20 दिन तक कोई गतिविधि नहीं दिखी, लेकिन कुछ दिन पहले शिवनारायण के मोबाइल पर 90 हजार रुपए खाते से निकलने का मैसेज आया। बैंक जाकर जांच कराने पर पता चला कि उनके खाते से 90 हजार रुपए ट्रांसफर हो चुके हैं। इसके अलावा ठगों ने उनके नाम पर 5 लाख रुपए का ऑनलाइन जम्बो लोन और क्रेडिट कार्ड के जरिए 66 हजार रुपए से अधिक का इंस्टेंट लोन भी ले लिया था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि ठगी की पूरी रकम हरियाणा के पानीपत निवासी विशाल कुमार के खाते में ट्रांसफर की गई है। पुलिस को आशंका है कि यह खाता म्यूल अकाउंट हो सकता है, जिसे किराये पर लेकर साइबर ठगों ने लेन-देन किया।

मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और बैंक खातों की ट्रांजैक्शन चेन के आधार पर ठगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें और सतर्क रहें।

Post a Comment

Previous Post Next Post