दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना संजीवनीनगर क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर नकदी व जेवरात सहित मोबाइल फोन चोरी कर लिए। पुलिस के अनुसार चंदन कॉलोनी, संजीवनीनगर निवासी 31 वर्षीय श्रीमती संगीता पटेल ने थाना संजीवनीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह अपने बच्चों के साथ घर में ताला लगाकर धनवंतरीनगर स्थित कृतिका बुटीक ब्लाउज लेने गई थीं। वहां से कपड़े लेकर वह अपनी भाभी सीमा के घर चली गईं और बीती रात करीब 1:30 बजे अपने घर लौटीं। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे के ताले के आसपास ठोकने के निशान थे। ताला खोलकर अंदर जाकर देखने पर आलमारी का सामान बिखरा हुआ था। आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, दो मोबाइल फोन और नकदी गायब थी।
Ai Image
चोरी गए सामान में चार सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी झाला, सोने की बच्चे की हाय, चार नाक की लौंग, दो सोने के मोती, चांदी की चार जोड़ी पायल, तीन जोड़ी बिछिया, एक कड़ा, ओप्पो एवं सैमसंग कंपनी के दो मोबाइल फोन तथा 9 हजार रुपये नकद शामिल हैं। पीड़िता ने बताया कि घर के पीछे की ओर लगे गेट की जाली भी मुड़ी हुई थी, जिससे प्रतीत होता है कि अज्ञात चोर पीछे के रास्ते से घर में घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।