दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना अधारताल क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नही देने पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार करोंदा नाला, ऋषिनगर निवासी 41 वर्षीय मुकेश कोल ने थाना अधारताल में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह करोंदा नाला चौराहा से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान किशोर किराना स्टोर के सामने गांव का अवलेश जाट उनसे मिला और शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग करने लगा।
मुकेश कोल द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी अवलेश जाट ने गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा। इसी दौरान आरोपी ने किसी नुकीली वस्तु से मुकेश कोल के बाएं गाल पर चोट पहुंचा दी। मारपीट के बाद आरोपी ने थाना में रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपी अवलेश जाट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 119(1), 296, 115(2) एवं 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Tags
jabalpur
