दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शोभापुर रेलवे ट्रैक पर सोमवार दोपहर 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान गजानंद सोनी (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो निजी काम करता था और जबलपुर के निर्भय नगर क्षेत्र का निवासी था।
जानकारी के अनुसार, गजानंद सोमवार सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकला था। दोपहर में परिजनों को सूचना मिली कि शोभापुर रेलवे ब्रिज के पास एक अज्ञात युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की।
परिजनों ने गजानंद की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि गजानंद किसी भी प्रकार की परेशानी में नहीं था और आत्महत्या नहीं कर सकता। परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर रखा गया, ताकि मामला आत्महत्या या दुर्घटना का लगे।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अधारताल थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में बढ़ते अपराधों को लेकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि अधारताल और रांझी थाना क्षेत्रों में अवैध जुआ, सट्टा, चाकूबाजी और चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और इसमें पुलिस की भूमिका संदिग्ध है। उन्होंने पुलिस पर अपराधियों को संरक्षण देने और हफ्ता वसूली के आरोप भी लगाए।
कांग्रेस नेता चमन ने कहा कि निर्भय नगर निवासी गजानंद सोनी की हत्या क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों के कारण की गई है और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
वहीं, अधारताल थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने बताया कि शोभापुर रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने के बाद रांझी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मृतक के परिजनों द्वारा जताई गई हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए हत्या, आत्महत्या और दुर्घटना—तीनों पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Tags
jabalpur


