दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। इंदौर के MGM मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में सोमवार को MBBS प्रथम वर्ष के एक छात्र की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अंतरिक्ष अग्रवाल के रूप में हुई है, जो ग्वालियर का रहने वाला था और 2025 बैच का छात्र था। घटना बी.आर. अंबेडकर हॉस्टल के बी-ब्लॉक की चौथी मंजिल पर स्थित कमरे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5:30 बजे जब रूममेट कॉलेज से लौटकर कमरे पर पहुंचा, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खोलने पर छात्र कमरे के भीतर मृत अवस्था में पाया गया। प्रारंभिक जांच में अनुमान है कि घटना कुछ समय पहले की थी।
रूममेट और कॉलेज सूत्रों के मुताबिक, छात्र पढ़ाई को लेकर तनाव में रहता था और सोमवार को कॉलेज भी नहीं आया था। हालांकि, मौत के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज परिसर और हॉस्टल में बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित हो गए। मौके पर MGM मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया, MYH के सुपरिंटेंडेंट डॉ. अशोक यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी और प्रोफेसर पहुंचे। हॉस्टल प्रशासन ने संबंधित कमरे को सील कर दिया है।
एसीपी तुषार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद ही मौत के कारणों पर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
Tags
madhya pradesh
