दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के रिछाई इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पारले-जी बिस्किट फैक्ट्री में सोमवार दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री से उठते काले धुएं के घने गुबार को देखकर आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की सूचना मिलते ही नगर निगम और औद्योगिक क्षेत्र की दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग करीब आधा घंटे पहले लगी। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
कर्मचारियों और मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने के बाद फैक्ट्री के अंदर मौजूद कर्मचारियों और मजदूरों को एहतियातन बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है।
फैक्ट्री में पैकेजिंग सामग्री सहित अन्य सामान मौजूद होने की जानकारी है। आग तेजी से फैलने के कारण दमकल कर्मियों को उसे नियंत्रित करने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।
पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर
घटना की सूचना पर रिछाई थाना पुलिस और औद्योगिक क्षेत्र प्रबंधन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन नहीं किया जा सका है। नुकसान की वास्तविक स्थिति आग बुझने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
Tags
jabalpur
