Jabalpur News: गोल घूमने वाले झूले का गेट खुलने से गिरे युवक-युवती, रील बनाते समय हुआ हादसा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के गोलबाजार में लगे दशहरा-दीपावली मेले में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। गोल घूमने वाले झूले का दरवाजा अचानक खुलने से एक लड़का और लड़की नीचे गिरकर घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में पल्लवी नाम की लड़की को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद लार्डगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच गोलबाजार मेले में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान पल्लवी और आशीष यादव गोल घूमने वाले झूले में सवार थे। बताया जा रहा है कि झूला घूम रहा था, तभी अचानक उसका गेट खुल गया और दोनों नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रील बनाते समय गेट से टिककर खड़ी थी लड़की

प्रत्यक्षदर्शी एसके निगम के मुताबिक, पल्लवी झूले के दरवाजे से टिककर खड़ी होकर मोबाइल से रील बना रही थी। इसी दौरान अचानक दरवाजा खुल गया, जिससे वह और उसके साथ मौजूद लड़का नीचे गिर गए। बताया गया कि झूला करीब 10 से 15 फीट के गोल क्षेत्र में घूमता है और इसमें सवार लोग पकड़कर खड़े रहते हैं। झूले का दरवाजा अचानक खुलने से यह हादसा हुआ।

परिजनों ने झूला संचालक को ठहराया जिम्मेदार

घायल आशीष यादव की मां सरिता यादव ने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि वह अपने बच्चे को पकड़ नहीं सकीं। उन्होंने आरोप लगाया कि झूले का दरवाजा खुलने के कारण उनका बच्चा नीचे गिरा। परिजनों ने झूला संचालक को हादसे के लिए जिम्मेदार बताते हुए घायलों के इलाज का खर्च उठाने की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी

सीएसपी अखिलेश गौर के मुताबिक, गोलबाजार मेले में गोल घूमने वाले झूले में यह हादसा हुआ है। राहत की बात है कि दोनों बच्चे अधिक ऊंचाई से नहीं गिरे। पुलिस घायलों के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। झूले का दरवाजा कैसे खुला, सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post